गर्मी के मौसम में आम (Mangoes) की बात न की जाए तो बात नहीं बनती। शायद ही कोई ऐसा हो, जिसे इस मौसम में आम खाना पंसद न हो। आम का लुत्फ बच्चे हों या बूढ़े सभी लेते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आम खाने का सही वक्त क्या है? साथ ही वे कौन से दुष्प्रभाव हैं,जो रात में आम खाने से पड़ते हैं। तो आइए जानते हैं, सिटीस्पाइडी पर, रात के समय आम खाने से शरीर पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में।
काफी मात्रा में होती है कैलोरी
देखने में छोटा सा लगने वाला यह फल अपने-आप में काफी मात्रा में कैलोरी सहेजे रहता है। आपको बता दें कि एक सामान्य आकार के आम में करीब 150 कैलोरी तक होती है। अगर आप रात के समय भोजन के बाद इसका सेवन करते हैं तो इसका मतलब है कि आपने सोने से पहले काफी मात्रा में कैलोरी का ले ली है, जो अगर संतुलित मात्रा में बर्न न की जाए तो आपको कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं के लिए तैयार रहना होगा, इसीलिए आम का सेवन दिन के समय ही करना चाहिए।
बढ़ा देता है शरीर का तापमान
शायद आपको जानकारी हो कि आम की तासीर काफी गर्म होती है, इसीलिए पुराने समय से ही लोग इसे खाने से पहले पानी में भिगोने की सलाह देते थे। आम का अधिक मात्रा में सेवन करने से यह शरीर में अतिरिक्त गर्मी पैदा कर सकता है, जिससे आपको फोड़े-फुंसी आदि की शिकायत हो सकती है।
यह भी पढ़ें: अगर आप ब्यूटी पार्लर जाने का प्लान कर रही हैं तो बहुत ज़रूरी है कुछ ख़ास सावधानियां बरतना।
बढ़ा सकता है शुगर लेवल
जिन भी लोगों को मधुमेह की शिकायत हो, उन्हें रात को सोते समय कभी भी आम नहीं खाना चाहिए, क्योंकि मीठा आम खाने के तुरंत बाद सोने से उनकी शुगर लेवल अचानक से बढ़ सकती है।
वज़न बढ़ने का ख़तरा
आम का नियमित सेवन आपके शरीर की कमज़ोरी को दूर कर सकता है, लेकिन यदि आप आम का सेवन रात्रि के समय कर रहे हैं तो यह आपके शरीर में अतिरिक्त फैट बढ़ाने का भी कार्य कर सकता है, जिससे आप वज़न बढ़ने के शिकार भी हो सकते हैं।
हो सकती है पाचन संबंधी दिक्कत
रात को आम खाने से पाचन की दिक्कत भी हो सकती है, क्योंकि अगर आप आम का सेवन दिन में करते हैं तो ये आराम से पच जाता है। वहीं इसका सेवन रात में करने के बाद सो जाने से कई बार अपच की समस्या भी हो सकती है। लिहाज़ा आम का आनंद ज़रूर लीजिए, लेकिन सेहत की कीमत पर नहीं।