Christmas 2022: दिल्ली एनसीआर में धूमधाम से मनाया गया क्रिसमस, मार्केट्स और मॉल्स में दिखाई दी लोगों की भीड़

क्रिसमस के मौके पर जहां एक ओर दिल्ली एनसीआर के सभी चर्च को अद्भुत तरीके से सजाया गया वहीं दिल्ली के बाजार और मॉल्स में भी खासी तैयारियां की गईं।

Delhi न्यूज़

Christmas 2022: दो साल की कोविड महामारी के बाद इस वर्ष दिल्ली एनसीआर में क्रिसमस बहुत धूमधाम से मनाया गया। क्रिसमस के मौके पर जहां एक ओर दिल्ली एनसीआर के सभी चर्च को अद्भुत तरीके से सजाया गया वहीं दिल्ली के बाजार और मॉल्स में भी खासी तैयारियां की गईं। क्रिसमस के एक दिन पहले से ही दिल्ली एनसीआर के सभी छोटे और बड़े बाजार रौशनी से जगमगा रहे थे। क्रिसमस के मौके पर दिल्ली एनसीआर के सभी चर्च में भी लोगों की खासी भीड़ देखी गई हालांकि एक बार फिर से कोराना की आहट को लेकर लोगों के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ देखी जा सकती थीं।

क्रिसमस के मौके पर दिल्ली के मॉल्स और इंडिया गेट पर भी शाम से ही लोगों की भीड़ उमड़ रही थी। दिल्ली के सेक्रेड हार्ट कैथ्रेडल चर्च को क्रिसमस के मौके पर खास तरीके से सजाया गया। इसी श्रृंखला में दिल्ली के सेंट जेम्स चर्च जो दिल्ली का सबसे पुराना चर्च माना जाता है पर भी लोगों की काफी भीड़ देखने को मिली। क्रिसमस के मौके पर लोगों की भारी भीड़ ने दिल्ली के चर्च की ओर रुख किया और वहां प्रार्थनाएं की।

Also read: क्रिसमस से पूर्व ही नोएडा के बाजारों में उत्सव की धूम

क्रिसमस के मौके पर संता बने लोग हों या क्रिसमस ट्री की सजावट रविवार को हर ओर खूबसूरत माहौल नजर आया। शहर के मॉल्स व बाजारों में दिनभर क्रिसमस की रौनक छाई रही। हालांकि कोविड की एक बार फिर से आहट के कारण चर्च में सामूहिक प्रार्थना सभा में लोगों की संख्या घटा दी गई, लेकिन चर्च की साज सज्जा, यीशु के जीवन पर आधारित झांकियां और प्रार्थना सभाओं ने लोगों को आकर्षित किया।

क्रिसमस की पूर्व संध्या से ही दिल्ली का दिल कही जाने वाले कनॉट प्लेस में भी लोगों की खासी भीड़ देखी गई। लोग क्रिसमस को लेकर इतना उत्साह नजर आया कि वे कोविड की आहट से बेफ्रिक होकर दिल्ली के कनॉट प्लेस, इंडिया गेट और विभिन्न मॉल्स में बड़ी संख्या में घूमते और जश्न मनाते नजर आए।

नोएडा के सेक्टर 34 स्थित सेंट मेरी चर्च को भी क्रिसमस के अवसर पर खास तरीके से सजाया गया। रात 12 बजे से 2 बजे तक यहां विशेष प्रार्थनाएं की गइं। सुबह के समय भी कुछ रोचक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शाम के समय यहां लोगों की आवाजाही बढ़ गई और मोमबत्तियां जलाकर लोगों ने अपनी मुरादें मांगी। इस दौरान चर्च को आकर्षक ढंग से सजाया गया। वहीं सेक्टर 29 क्राइस्ट चर्च में भी काफी संख्या में लोगों की भीड़ पहुंची।

क्रिसमस के मौके पर मॉल्स को भी विशेष तौर पर सजाया गया था। मॉल्स में जगह जगह सेल्फी प्वाइंट बनाए गए। साथ ही रेस्तरां, दुकानों आदि में विशेष क्रिसमस ऑफर्स का आयोजन भी किया गया। बाजारों में संता, ड्रेस, टोपी, क्रिसमस ट्री व सजावटी सामान की जमकर खरीददारी हुई। लोगों ने अपने घर की दीवारों व घर में क्रिसमस ट्री लगाकर खास साजसज्जा की। वहीं सेक्टरों और सोसाइटियों में भी क्रिसमस के मौके पर कई तरह के आयोजन किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published.