हरिनगर में बना पश्चिमी जिला पुलिस का साइबर थाना, पुलिस आयुक्त ने किया उद्घाटन

Delhi: हरिनगर में हाल ही में पश्चिमी जिली पुलिस द्वारा साइबर थाने का उद्घाटन का आयोजन किया गया, जिससे आशा व्यक्त की जा रही है कि इससे साइबर अपराध पर नियंत्रण पाया जा सकेगा।

न्यूज़

Delhi: साइबर अपराध का शिकार होने पर कई लोग पुलिस से शिकायत करने में हिचकिचाते हैं, जबकि साइबर अपराध की शिकायत जितनी जल्दी आप पुलिस से करेंगे, उसके सुलझने की संभावना उतनी ही अधिक रहती है।
दिल्ली पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने हरिनगर में आयोजित पश्चिमी जिला पुलिस के साइबर थाना के उदघाटन समारोह में कहा कि यदि आप वारदात के एक घंटे के भीतर पुलिस को जानकारी देते हैं तो यह सबसे बेहतर है। इसे पुलिस द्वारा अपराध छानबीन की दुनिया में ‘गोल्डन आवर’ कहा जाता है। समारोह में विशेष आयुक्त दीपेंद्र पाठक, अतिरिक्त आयुक्त चिन्मय बिस्वाल, पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त घनश्याम बंसल सहित अनेक अधिकारी मौजूद थे।

क्यों बना है साइबर थाना

पहले साइबर सहित किसी भी अन्य अपराध के लिए लोग संबंधित क्षेत्र के थाने में शिकायत दर्ज कराते थे, लेकिन पुलिस के पास साइबर अपराध के लिए विशेषज्ञ नहीं थे। नतीजा यह होता था कि मामले कीे छानबीन में दिक्कत होती थी, लेकिन अब दिल्ली पुलिस की ओर से सभी जिलों में एक एक साइबर थाना बनाया गया था, जहां जिले के विभिन्न थानों में दर्ज साइबर अपराध के मामले यहां ट्रांसफर हो जाएंगे।

ये भी पढ़ें: Delhi में इलेक्ट्रिक वाहन चलाने वालों के लिए बनेंगे 3 जगहों पर नए चार्जिंग व स्वैपिंग स्टेशन

किन इलाकों के लोगों को होगा फायदा

यहां पश्चिमी जिले के जनकपुरी, विकासपुरी, राजौरी गार्डन, कीर्तिनगर, पंजाबी बाग, मादीपुर, तिलक नगर, मायापुरी, हरिनगर थाना क्षेत्र के साइबर से जुड़े अपराधों की छानबीन होगी। इसके अलावा लोग यहां सीधे भी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया गया साइबर अपराध

अस्मिता थिएटर ग्रुप के कलाकारों ने उदघाटन समारोह में नुक्कड़ नाटक पेश कर बताया कि आजकल किस तरह से लोग साइबर अपराध के शिकार हो रहे हैं। इसमें बताया गया कि युवा वर्ग को बदनामी का डर दिखाकर तरह-तरह से ब्लैकमेल किया जाता है। इसी तरह बुुजुर्गों को आर्थिक अपराध का शिकार बनाया जा रहा है।

कई लोगों को किया गया सम्मानित

पश्चिमी जिला पुलिस ने हाल ही में बुजुर्गों के लिए साइबर अपराध जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इनमें विकासपुरी से रेणु अरोड़ा, सुभाष नगर से प्रेम कुमार सोनी, पंजाबी बाग से मदन सिंह यादव, तिलक नगर से हरबंस सिंह शामिल थे। इसके अलावा एसएस दुग्गल, आंचल की छांव संस्था से दीपा मलिक, मां फाउंडेशन की मुस्कान पांडेय, फन वे लर्निंग की गुरजीत सिंह अनेक महिलाएं भी यहां उपस्थित थीं।

इस अवसर पर साइबर अपराध से बचाव के लिए जरूरी जानकारियों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन भी पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.