दिल्ली छावनी परिषद द्वारा योग उत्सव समारोह का आयोजन, रक्षा मंत्री हुए शामिल

हाल ही में दिल्ली छावनी परिषद द्वारा दिल्ली के नागेश गार्डन में योग उत्सव समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए थे।

न्यूज़
Delhi Cantonment Board organizes Yoga Utsav ceremony, Defense Minister attends

New Delhi: दिल्ली छावनी (कैंट) के गाेपीनाथ बाजार स्थित नागेश गार्डन में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने लोगों के साथ योगाभ्यास किया। अवसर था, दिल्ली छावनी परिषद द्वारा आयोजित योग उत्सव समारोह का। उनके साथ दिल्ली छावनी परिषद व रक्षा संपदा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी योगाभ्यास कर रहे थे। तीन एकड़ में फैले इस गार्डन में रक्षा मंत्री व अन्य गणमान्य लोगों के साथ सामान्य वर्ग के भी करीब 150 लोगों ने आधे घंटे तक योगाभ्यास किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इससे पहले भी नागेश गार्डन में योगाभ्यास में हिस्सा लेने समय-समय पर आते रहे हैं। दरअसल, दिल्ली छावनी परिषद की ओर से योगाभ्यास काे लेकर आयोजित कार्यक्रम यहां आए दिन आयोजित होते रहते हैं। आलम यह है कि इस गार्डन को स्थानीय लोग योग गार्डन के नाम से भी जानने लगे हैं।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने कहा कि दुनिया को भारत द्वारा दी गई विरासतों में से योग एक महत्वपूर्ण विरासत है। आज योग की महत्ता पूरी दुनिया मान रही है। कोरोना महामारी के दौरान योग व प्राणायाम की उपयोगिता चिकित्सकों ने भी स्वीकार की।

पार्क में योग के लिए चिन्हित हैं क्षेत्र

इस गार्डन में रोज़ाना करीब 100 व्यक्ति योगाभ्यास के लिए पहुंचते हैं। यहां योगाभ्यास के लिए विशेष स्थान चिन्हित है। प्रशिक्षक की निगरानी में लोग योगाभ्यास कर सकें, इसके लिए ज़रूरी है कि प्रशिक्षक की नज़र सभी पर बनी रहे। इसके लिए एक प्लेटफॉर्म बनाया गया है। रोजाना एक प्रशिक्षक यहां आते हैं, जिनकी निगरानी में योगाभ्यास किया जाता है।

संगीत की मधुर धुन कराती है ताज़गी का एहसास

सुबह गार्डन में दाखिल होते ही पक्षियों की चहचहाहट के अलावा यहां भारतीय रागों पर आधारित संगीत की धुन सुनने को मिलती है। इसके लिए पार्क परिसर में म्यूजिक सिस्टम लगाया गया है। मद्धिम आवाज़ में संगीत की धुन सुबह यहां सैर करने आए लोगों को ताज़गी का एहसास कराती है।

यहां की हरियाली करती है आकर्षित

गार्डन की लैंडस्केपिंग इस तरह से की गई है कि यह आने वाले लोगों का ध्यान खींच ही लेती है। हरियाली के अलावा गार्डन में पत्थर से बनाए गए आकर्षक बोलार्ड, छोटे-छोटे टीले, फव्वारे इसे आकर्षक रूप प्रदान करते हैं। करीब 50 अलग-अलग प्रजातियों के पेड़ यहां लगे हैं। गार्डन के एक हिस्से को औषधीय उद्यान के तौर पर विकसित किया गया है, जहां अश्वगंधा, तेजपत्ता, लौंग, इलायची के पौधे लगे नज़र आते हैं।

योग के फ़ायदे

कार्यक्रम में मौजूद योग प्रशिक्षक ने सभी को बताया कि योग के कई फ़ायदे हैं। नियमित योगाभ्यास से मन व मष्तिष्क को शांत रखने में मदद मिलती है। इससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। यह ऊर्जावान व तरोताजा बनाए रखने में मदद करता है। शरीर भी इससे लचीला बना रहता है। सबसे बड़ी बात यह है कि इससे तनाव को कम करने में काफी मदद मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.