Faridabad: नगर निगम के एक्सईएन और बल्लभगढ़ बस अड्डा पुलिस चौकी के प्रभारी के बीच एक शिकायत को लेकर हुआ विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को निगम कर्मचारियों द्वारा प्रदर्शन करते हुए चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी, लेकिन पुलिस के आला अधिकारियों ने चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। ऐसे में नगर निगम के कर्मचारियों ने अपने अधिकारी के समर्थन में हड़ताल करते हुए फिलहाल काम करना बंद कर दिया है। नगर निगम के अधिकारियों की लापरवाही के कारण पहले ही शहर के लोग विभिन्न तरह की समस्याओं से जूझ रहे थे। शहर में सफाई व्यवस्था पहले ही चरमराई रहती है। अब शहर में जगह जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। जिससे उठने वाली दुर्गंध से आसपास के लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। दोनों विभागों के बीच तनातनी चलती रही तो स्थिति खराब हो सकती है।
ऐसे उत्पन्न हुआ था विवाद
संजय कालोनी निवासी एक व्यक्ति ने प्रदूषण फैलाने वाली कंपनियों के खिलाफ सीएम विंडो में शिकायत दी थी। लेकिन कार्रवाई न होने पर वह पिछले दिनों निगम के एक्सईएन पदमभूषण को शिकायत देने गए थे। शिकायत देते हुए वे वीडियो बनाने लगे। जिससे लेकर उनका एक्सईएन के साथ विवाद हो गया। उन्होंने एक्सईएन पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए बल्लभगढ़ पुलिस चौकी में शिकायत दे दी। जिसके बाद एक्सईएन ओपी कर्दम और पदमभूषण शनिवार को पुलिस चौकी पहुंचे और प्रभारी को पूरी घटना के बारे में बताया। आरोप है कि मंगलवार को चौकी प्रभारी ने एक्सईएन पदमभूषण को बुलाकर चौकी में बैठा लिया। इस बात पता चलते ही निगम कर्मचारियों ने चौकी पहुंच कर हंगामा शुरू कर दिया। तभी थाना शहर प्रभारी ने चौकी में पहुंच कर दोनों पक्षों को समझा बुझा कर शांत किया। लेकिन इसके बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अधिकारी से बदसलूकी को निगम कर्मचारी बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। हड़ताल कर चौकी प्रभारी पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Faridabad: पर्यावरण की सुरक्षा और सुख-समृद्धी के लिए पौधारोपण जरूरी
पिस रही है शहर की जनता
नगर निगम कर्मचारियों और पुलिस के बीच चल रही इस रस्सा कस्सी का खामियाजा शहर की आम जनता को उठाना पड़ रहा है। पहले ही शहर में बिना योजना के करवाए गए विकास कार्यो की वजह से शहर के लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब निगम के एक्सइएन और बस अड्डा चौकी प्रभारी के बीच उत्पन्न हुए विवाद के कारण निगम कर्मचारी जो काम कर भी रहे थे, उन्हें करना अब बिल्कुल बंद कर दिया है। निगम कर्मचारियों की अघोषित हड़ताल के कारण शहर की सडक़ों और गलियों में सफाई न होने से गंदगी बढ़ती जा रही है। वहीं दूसरी तरफ शहर में जगह जगह अवैध रूप से बनाए गए डंपिंग पॉइंटों में कूड़े की मात्रा भी बढ़ती जा रही है। शहर में सीवर जाम की समस्या पहले ही काफी गंभीर है। दिक्कत होने पर निगम कर्मचारी लाइनों को साफ कर थोड़ा बहुत काम चला देते थे। लेकिन अब शिकायत करने के बावजूद निगम कर्मचारी सीवर लाइनों को दुरूस्त करने नहीं पहुंच रहे हैं। जिससे शहर के विभिन्न इलाकों में सीवर का गंदा पानी सडक़ों और गलियों में बह रहा है।
हड़ताल से बिगड़ेगी व्यवस्था
नगर निगम कर्मचारियों ने पुलिस चौकी प्रभारी उमेश शर्मा को निलंबित करने की मांग को लेकर शुक्रवार को टूल डाउन हड़ताल कर दी है। निगम कर्मी पहले ही कई दिनों अघोषित रूप से काम नहीं कर रहे थे। लेकिन शुक्रवार को निगम कर्मचारियों घोषित हड़ताल के कारण काम काज बिल्कुल नहीं करेंगे। ऐसे में शहर के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यदि हड़ताल आगे भी जारी रही तो शहर की हालत खराब हो सकती है। ऐसे में दोनों विभागों के आला अधिकारियों को मिलकर बीच का रास्ता निकालना होगा।