Delhi: विकासपुरी के निवासी आजकल साफ सफाई से जुड़ी समस्या से परेशान हैं। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे कूड़े के ढेर को कई कई दिनों तक निगम वाले नहीं उठाते हैं। इनसे निकलने वाली बदबू से लोगों का बुरा हाल हाे जाता है। खासकर अभी जबकि बारिश व उमस का मौसम है, तब बदबू से कुछ ज्यादा ही लोग परेशान रहते हैं। समस्या की झलक अय्यप्पा पार्क के नजदीक साफ साफ नजर आती है। यहां दीवार पर निगम ने चित्र उकेर कर स्वच्छता कायम रखने की बात कही है लेकिन उसी दीवार के ठीक नजदीक कूड़ के ढेर इस संदेश का मजाक बना रहा है।
घटने के बजाय बढ़ रही है समस्या
विकासपुरी में पहले कूड़ की समस्या केवल रोड नंबर 236 पर थी। लेकिन अब यह समस्या अन्य सड़कों को भी चपेट में ले रही है। फेडरेशन आफ वेस्ट दिल्ली आरडब्ल्यूए के अनिल देवलाल बताते हैं कि विकासपुरी स्थित अय्यप्पा पार्क के सामने रोड नंबर 237 के पास कूड़ का ढेर पिछले कई दिनेां से पड़ा है। इसे हटाने के लिए कई लोगों से गुहार लगाई गई। अंत में हमलोगों ने एलजी से गुहार लगाई। अब नगर निगम की ओर से कहा गया है कि समस्या के बारे में वेस्ट जोन के अधिकारियों को बताया गया है। शीघ्र ही कूड़े का निष्पादन होगा।
यह भी पढ़ें: Dwarka: निशात अपार्टमेंट में लोगों ने लगाए पौधे
आखिर क्या है समस्या का कारण
विकासपुरी निवासी अचला मनोचा बताती हैं कि नजफगढ़ नाले से सटे विकासपुरी के हिस्से की ओर न तो निगम, न लोक निर्माण विभाग और न ही पुलिस का ध्यान है। अनदेखे से इलाके में आसपास स्थित कालोनियों का कूड़ा फेंक कर लोग निश्चिंत हो जाते हैं। रेहड़ी वाले जो घरों से कूड़ा एकत्र करते हैं, वे यहां फेंक देते हैं। आसपास स्थित कॉलोनियों में निगम कूड़ा प्रबंधन को लेकर यदि गंभीरता पूर्वक कोशिश करें तो यहां कूड़े के ढेर जमा ही नहीं होंगे। विकासपुरी निवासी राघवेंद्र शुक्ला बताते हैं कि विकासपुरी में कूड़े से जुड़ी समस्या वक्त के साथ घट नहीं बल्कि बढ़ ही रहा है। पहले लोग समस्या की अनदेखी करते थे, लेकिन अब लोग आवाज उठा रहे हैं।