Noida: संसार भर में मोम के पुतलों के लिए विख्यात मैडम तुसाद वैक्स म्यूजियम अब नोएडा में भी खुल गया है। भारत में सबसे पहले साल 2017, दिसम्बर में तुसाद म्यूजियम कनॉट प्लेस के रीगल सिनेमा हॉल में खोला गया था, लेकिन कोरोना महामारी के चलते इसे बंद कर दिया गया था। जिसके दो सालों के बाद नए सिरे से नोएडा के सेक्टर 18 डीएलएफल मॉल में इसका उद्घाटन किया गया है।
उल्लेखनीय है कि कनॉट प्लेस से बंद होने के बाद मैडम तुसाद म्यूजियम को पहले से ज्यादा भव्य और आकर्षक तरीके से खोला जा रहा है। इस नए म्यूजियम में अलग अलग क्षेत्रों जैसे इतिहास, खेल, संगीत, फिल्म और टीवी आदि की मशहूर 50 हस्तियों के मोम के पुतले लगे हैं।
इस वैक्स म्यूजियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महात्मा गांधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस, सचिन तेंदुलकर, कपिल देव, विराट कोहली, शाहरुख खान, सलमान खान, अनिल कपूर, करीना कपूर, कैटरीना कैफ, जाकिर हुसैन, माेटू पतलू, दिलजीत दोसांझ के पुतलों के साथ मशहूर गायिका आशा भोंसले और सोनू निगम के पुतले देखने को मिलेंगे।
इसके अलावा नोएडा के वैक्स म्यूजियम में हॉलीवुड कलाकार मर्लिन मुनरो, स्कार्लेट जोन्सन, टॉम क्रूज, किम कार्दशियन, विल स्मिथ, लेडी गागा के मोम के पुतले भी देखने को मिलेंगे।
आगंतुक डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया की चौथी मंजिल पर मैडम तुसाद इंडिया के काउंटर पर टिकट खरीद सकते हैं। वयस्कों के लिए 960 रुपये और बच्चों के लिए 760 रुपये में टिकट उपलब्ध हैं।
उल्लेखनीय है कि मैडम तुसाद संग्रहालय पहली बार 1835 में लंदन में खोला गया था। इसके बाद यह अपने आकर्षक मोम के पुतलों के लिए यह संसार भर में विख्यात हो गया। इसकी शाखाएं धीरे धीरे न्यूयार्क, शंघाई, एमसटर्डम और सिडनी सहित संसार भर के 23 शहरों में खोली गई हैं।
