आवारा पशु बन रहे हैं मुसीबत का सबब

Delhi की सड़कों पर बेसहारा पशुओं की समस्या के कारण राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह समस्या द्वारका, जनकपुरी, डाबड़ी, मंगलापुरी, नसीरपुर, ख्याला,  रोहिणी, विकासपुरी, पश्चिम विहार, पंखा रोड सहित अनेक क्षेत्रों में दिखाई देती है।

Delhi न्यूज़

Delhi: राजधानी की सड़कों पर बेसहारा पशुओं की समस्या के कारण राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह समस्या द्वारका, जनकपुरी, डाबड़ी, मंगलापुरी, नसीरपुर, ख्याला,  रोहिणी, विकासपुरी, पश्चिम विहार, पंखा रोड सहित अनेक क्षेत्रों में दिखाई देती है। कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि पशुओं के कारण सड़क पर जाम लग जाता है। दिलचस्प बात यह है कि निगम पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी इस संबंध में सीमा विवाद की दुहाई देते हैं।

पंखा रोड का बुरा हाल

जनकपुरी से गुजरने वाली पंखा रोड के किनारे जगह जगह कूड़ा घर बने हैं। आसपास की कॉलोनियों से यहां कूड़ा इकट्ठा कर फेंक दिया जाता है। कूड़ों के ढेर को समय पर उठाया भी नहीं जाता। इस बीच कूड़ा बीनने वाले प्लास्टिक या अन्य ऐसी चीजें जो कबाड़ में बिकने योग्य हैं के लालच में ढेर को फैला देते हैं। बिखरे हुए कूड़े के ढेर के पास खाने के लालच में आवारा पशु आ जाते हैं और देखते ही देखते इनकी संख्या काफी बढ़ जाती है। कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि सड़क पर आवारा पशुओं का जमावड़ा लग जाता है। जिससे यातायात बाधित हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक तो आवारा पशुओं की समस्या दूसरी तरफ यहां पसरी गंदगी दोनों ही समस्याओं से लोग परेशान हैं। वहीं मंगलापुरी व नसीरपुर में समस्या का कारण सब्जी मंडी है। यहां दुकानदार बची हुई सब्जी सड़क पर फेंक देते हैं। उत्तम नगर की बात करें तो यहां उस हर जगह पर बेसहारा पशुओं के झुंड नजर आते हैं, जहां कूड़ा बिखरा हो।

ये भी पढ़ें: Delhi: लेन नियमों की अवहेलना पर परिवहन विभाग सतर्क, परिवहन मंत्री खुद उतरे सड़क पर

सीमा विवाद का बहाना

निगम पशु चिकित्सा विभाग के कर्मचारी डाबड़ी चौराहा व पंखा रोड के पास आवारा पशुओं की समस्या के बावत कई बार सीमा की दुहाई देते हैं। यहां निगम पश्चिमी जोन व नजफगढ़ की सीमाएं मिलती हैं। पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जब नजफगढ़ जोन द्वारा आवारा पशुओं के खिलाफ कार्रवाई की जाती है तो पशुओं का झुंड पश्चिमी जोन की तरफ चला जाता है। ऐसी ही समस्या पश्चिमी जोन की तरफ से भी आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.