Faridabad: देश भर में फरीदाबाद जिले को कुछ साल पहले तक बड़खल झील (Badkhal Lake) के नाम से पहचाना जाता था। बड़खल झील में नौका विहार करने और खूबसूरत वादियों का मजा लेने के लिए लोग दूर दूर से यहां आते थे, लेकिन किन्हीं कारणों से यह झील करीब 25 से 30 साल पहले सूख गई थी। झील में पानी खत्म होने से देशभर में प्रसिद्ध यह पर्यटन स्थल पूरी तरह वीरान हो गया था। बड़खल विधानसभा क्षेत्र की विधायक सीमा त्रिखा की मांग पर प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस झील का फिर से पुर्ननिर्माण शुरू करवाया है। अगले करीब एक साल में यह झील पूरी तरह तैयार हो जाएगी। वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन यह झील आम जनता के सुपुर्द की जाएगी। यह जानकारी केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर और विधायक सीमा त्रिखा ने बड़खल पर्यटन स्थल के होटल ग्रेफाल्क में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
एक साल में पूरा होगा निर्माण
इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने बताया कि इस झील के पुर्ननिर्माण में करीब 78 करोड़ रुपये की लागत आएगी। जिसके तहत झील को पानी से भरने के लिए करीब साढ़े 22 करोड़ रुपये की लागत से एसटीपी का निर्माण करवाया जा रहा है। सीवर के पानी को एसटीपी से साफ करने के बाद उसे झील में डाला जाएगा। उन्होंने बताया कि झील दरारें आने की वजह से सूख गई थी। ऐसे में इन दरारों को भरने का काम भी तेजी के साथ किया जा रहा है। साथ ही झील के तल को पक्का करने का काम भी किया जा रहा है। ताकि पानी जमीन में जाने की बजाए झील में ही भरा रहे।
ये भी पढ़ें: Faridabad: सिंगल यूज प्लास्टिक : प्रशासन की लापरवाही के कारण नहीं रुका इस्तेमाल
उन्होंने बताया कि झील के 800 मीटर लंबे बांध की मरम्मत का काम भी जल्दी ही शुरू किया जाएगा। इसके अलावा पार्किंग और झील की खूबसूरती को बढ़ाने के लिए अन्य कई तरह के काम यहां पर किये जाने हैं। बड़खल झील को हैदराबाद और बैंगलोर के मैरिना की तर्ज पर खूबसूरत बनाया जाएगा।
गौरतलब है कि बड़खल झील के नाम से जाना जाता था। बड़खल झील का नाम आते ही पुराने समय में चले जाते हैं। जब यहां पर फिल्मों की शूटिंग होती थी और उसके साथ-साथ यहां पर शनिवार रविवार को पांव रखने की जगह नहीं होती थी। लेकिन काफी वर्षों से बड़खल झील सूखी रही और इस पर किसी का भी कोई ध्यान नहीं गया। वर्ष 2014 में सीएम अनाउंसमेंट के तहत बडख़ल झील पर करोड़ों रुपए की लागत से अब यहां पर बहुत ही आकर्षक टूरिस्ट पैलेस तैयार किया जा रहा है।