Weather Update: विगत कई दिनों से बढ़ती ठंड के कारण जहां एक ओर लोगों का जीना मुहाल है वहीं घने कोहरे के कारण भी आम लोगों का जीवन काफी मुश्किल भरा हो गया है। नोएडा में मंगलवार को सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता मात्र सौ मीटर से भी कम रह गई। इस कारण आने जाने वाले वाहनों को गति काफी धीमी हो गई। करीब 11 बजे के बाद सूरज निकलने के कारण धूप की किरणों को देखकर लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन शाम होते होते फिर सर्दी का अहसास होने लगा।
मंगलवार की सुबह सड़कों पर घना कोहरा छाया रहा। जब लोग घर से अपने अपने कार्यों के लिए निकले तो हालात काफी खराब थे। जगह जगह लोगों को अलाव जलाकर तापते हुए देखा जा सकता था। मंगलवार को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दोपहर के बाद हल्की धूप निकलने के कारण कोहरा छंट गया। दोपहर को सड़क और बाजार में धूप निकलने के बाद थोड़ी चहल पहल नजर आई। ठंड इतनी ज्यादा थी कि शहरवासी धूप निकलने के बावजूद जगह जगह अलाव तापते हुए दिखाई दिए।
Also read: Noida: टुक टुक गिलहरी फार्म्स में प्रकृति के प्रति अपने प्रेम को फिर से जगाएं
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार सुबह घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। जबकि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को बादल छाए रहने के साथ साथ हल्की वर्षा की भी संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोत्तरी होगी, लेकिन अधिकतम तापमान 18 डिग्री के आसपास बना रहेगा।
ग्रेटर नोएडा की हवा मंगलवार को भी एक बार पूरे देश में सबसे खराब स्थिति में रही। यहां का एक्यूआई 418 रहा जिस कारण यहां की हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच गई। वहीं दिल्ली का एक्यूआई 407, नोएडा का 393, गाजियाबाद 362 और गुरुग्राम का 348 व फरीदाबाद का 302 रहा। गाजियाबाद और दिल्ली को छोड़कर पूरे एनसीआर की हवा की स्थिति बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी दिनों में तेज वर्षा के बाद इस प्रदूषाण से राहत मिलने की संभावना है।